[रविवार, 24 जनवरी, 2010 | स्रोत : राष्ट्रीय दैनिक]
वाशिंगटन। चीन की तमाम आपत्तियों के बावजूद व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात करने के लिए संकल्पबद्ध हैं और बीजिंग इस बात से वाकिफ है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता माइक हैमर ने यहां वाशिंगटन प्रेस सेंटर में विदेशी संवाददाताओं से बातचीत में ओबामा के दलाई लामा से मुलाकात करने की सम्भावना के बारे में पूछे जाने पर कहा निशिचत रूप से।
हैमर ने कहा राष्ट्रपति ने चीन सरकार को अवगत करा दिया है कि वह दलाई लामा से मिलना चाहते हैं। वह इसके लिए संकल्पबद्ध हैं। बहरहाल, उन्होंने ओबामा और दलाई लामा के बीच मुलाकात की तारीख के बारे में कुछ नहीं बताया। व्हाइट हाउस और दलाई लामा के कार्य़ालय ने पिछले साल कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति के नवम्बर के मध्य में चीन की यात्रा से वापस लौटने के बाद उनकी दलाई लामा से मुलाकात होगी। तिब्बती अध्यात्मिक नेता पिछले साल अक्टूबर में वाशिंगटन में थे। तब पिछले एक दशक में ऐसा पहली बार हुआ था जब दलाई लामा के वाशिंगटन में रहते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति की उनसे मुलाकात नहीं हुई थी। हैमर ने कहा कि पिछले साल चीन की अपनी यात्रा के दौरान ओबामा ने चीनी नेतृत्व से स्पष्ट किया था कि अमेरिका उनके साथ अपने रिशते मजबूत करना चाहता है।
हैमर ने कहा कि अमेरिका-चीन रिशते बहुआयामी हैं। उन्होंने कहा अमेरिका-चीन के बहुमुखी रिशते हैं और हम अपने क्षेत्रों में सहयोग कर सकते हैं लेकिन कई ऐसे मामले भी होने जा रहे हैं जहां हमारे बीच सहमति नहीं है और हम उन पर मुखर होकर बोलेंगे। उल्लेखनीय है कि अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा दलाई लामा से मुलाकात न करने के मुद्दे ने उस वक्त काफी तूल पकड़ा था और यह माना जा रहा था कि चीन के दबाव में अमरीका ने यह कदम उठाया है। उसने चीन को नाराज न करने के लिए दलाई लामा से मुलाकात को टाल दिया है। अब एक बार फिर से अमरीका कह रहा है कि बराक ओबामा दलाई लामा से मुलाकात करेंगे।
|