रविवार, 5 सितम्बर, 2010

[शनिवार, 17 जुलाई, 2010 | स्रोत : हिन्दुस्तान .com]

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने तिब्बत स्वायत्तशासी क्षेत्र एवं चीन के अन्य इलाकों में परंपरागत तिब्बती संस्कृति के संरक्षण के लिए अपने वार्षिक बजट में 74 लाख डॉलर का प्रस्ताव दिया है। ओबामा प्रशासन ने वर्ष 2011 के वार्षिक बजट में आवंटन का प्रस्ताव देते हुए इसे कांग्रेस को भेज दिया और कहा कि इस कोष को गैर सरकारी संगठनों को उपलब्ध कराया जाए जो सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण की गतिविधियों का समर्थन करते हैं। यह तिब्बती स्वायत्तशासी क्षेत्र और चीन में अन्य तिब्बती समुदायों के सतत विकास और पर्यावरणीय संरक्षण के लिए होगा। बजट दस्तावेज के अनुसार अमेरिका के राष्ट्रपति ने वित्त सचिव को निर्देश दिया है कि अंतरराष्ट्रीय वित्त संस्थाओं में तिब्बत को समर्थन देने वाली किसी भी परियोजना का समर्थन किया जाए। बजट में कहा गया है, वित्त सचिव को अमेरिकी कार्यकारी निदेशक को निर्देश देना चाहिए कि तिब्बत को समर्थन देने वाले प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय वित्त संस्थान में अमेरिकी समर्थन सुनिश्चित किया जाए। इसमें कहा गया है कि परियोजना को आवश्यकता के मूल्यांकन, तिब्बती लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और तिब्बत की संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर आधारित होना चाहिए और इसकी प्रभावी तरीके से निगरानी होनी चाहिए।